बारिश से उफना तालाब, आधा दर्जन से अधिक घरों में घुसा पानी

स्मार्ट हलचल|खखरेरू/फतेहपुर धाता विकासखंड के कबरा गांव के मजरा मटिया फतेहपुर में मूसलाधार बारिश के बाद तालाब उफनाने से उसका पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया। आधा दर्जन से अधिक घर जलमग्न हो गए। घरों में रखा राशन, बिस्तर और घरेलू सामान पानी में डूबकर खराब हो गया। वहीं एक कच्ची दीवार गिरने से उसकी चपेट में आकर भैंस घायल हो गई। ग्रामीणों ने जलभराव की सूचना के बाद भी जिम्मेदारों के मौके पर न पहुंचने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश से गांव के तालाब का जलस्तर बढ़ गया और तालाब का पानी उफनाकर घरों में घुस गया। अचानक पानी भरने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जलभराव से विनोद कोरी, रामलाल पासवान, बब्ली कुमार, होरीलाल, ननकू, छोटेलाल और सुरेश कुमार के घर प्रभावित हुए हैं।
बताया गया कि घरों में रखा राशन, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान पानी में डूबकर खराब हो गया। वहीं बारिश के कारण छुटकू कुमार की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी भैंस घायल हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की सूचना ब्लॉक अधिकारियों और ग्राम प्रधान को दी गई, लेकिन घंटों बीतने के बाद भी कोई जिम्मेदार मौके पर हाल जानने नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
धाता बीडीओ राजेंद्र कुमार यादव ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी है। टीम भेजकर जल्द पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।