थाना सदर की कार्रवाई, 40.385 किलो डोडाचूरा जब्त

स्मार्ट हलचल|

स्वीप्ट कार से मादक पदार्थ का परिवहन करते युवक गिरफ्तार

भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। थाना सदर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 किलो 385 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने डोडाचूरा परिवहन में प्रयुक्त स्वीप्ट कार को भी जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेश आर्य के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी सदर अंजली सिंह के सुपरविजन में थाना सदर पुलिस की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।

आकोला चौराहे के पास संदिग्ध कार को रोका

पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान आकोला चौराहे के पास एक सफेद रंग की स्वीप्ट कार संदिग्ध अवस्था में मिली। कार को रोककर जांच की गई तो उसकी डिग्गी में दो काले रंग के प्लास्टिक कट्टे मिले। जांच करने पर दोनों कट्टों में अफीम डोडा पोस्त होना पाया गया।

पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से दोनों कट्टों में भरे डोडाचूरा का वजन किया, जो कुल 40 किलो 385 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार कार चालक के पास डोडाचूरा के परिवहन के संबंध में कोई लाइसेंस अथवा परमिट नहीं था।

मादक पदार्थ और कार जब्त

पुलिस ने मादक पदार्थ एवं स्वीप्ट कार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना सदर में प्रकरण संख्या 172/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है।

जोधपुर निवासी युवक गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम पुत्र रामाराम सरगरा, उम्र 34 वर्ष, निवासी मेघवालों का बास, बीसलपुर, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर के रूप में हुई है।

कार्रवाई में थाना सदर एवं डीएसटी की टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में डीएसटी के हेड कांस्टेबल विजय सिंह का विशेष योगदान रहा।