लाखेरी -स्मार्ट हलचल|कस्बे गांधीपुरा मोड़ पर शुक्रवार को कचरा पात्र के आसपास कचरा फैलने से बदबू से मोहल्लेवासी परेशान हो गए। कस्बे में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। गांधीपुरा मोड़ स्थित कचरा पात्र के आसपास बड़ी मात्रा में कचरा फैला हुआ है, जिसके चलते क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। मुख्य मार्ग पर स्थित कचरा पात्र के आसपास कचरा फैलने से यहां से गुजरने वाले राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले मोहल्लेवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा समय पर नहीं उठाए जाने के कारण दुर्गंध बढ़ती जा रही है।
*त्यौहार के मौके पर भी सफाई व्यवस्था बदहाल*
त्यौहार के अवसर पर जहां कस्बे में विशेष साफ-सफाई की आवश्यकता होती है, वहीं गांधीपुरा मोड़ सहित कई स्थानों पर नियमित सफाई नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि कस्बे के कई वार्डों में भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है तथा नालियों में जमा मलबा समय पर नहीं निकाला जा रहा है।
स्थानीय नागरिक जितेन्द्र गौड़ ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन से गांधीपुरा मोड़ पर तत्काल सफाई करवाने, कचरा उठाने तथा नालियों की सफाई कराने की मांग की है, ताकि लोगों को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके।
