‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर चमत्कार! 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने कमाए 12 करोड़

बिजोलिया के डीआई कलरिस्ट रवि के. पाराशर भी फिल्म की सफलता में बने भागीदार

भीलवाड़ा, स्मार्ट हलचल। महान संत नीम करोली बाबा के जीवन और हनुमान जी के प्रति उनकी अटूट आस्था पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने अब तक करीब 12 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। खास बात यह है कि फिल्म का बजट करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये बताया गया है।फिल्म की इस सफलता में बिजोलिया के डीआई (DI) कलरिस्ट रवि के. पाराशर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। फिल्म की डीआई कलरिस्ट टीम में रवि के. पाराशर और वैभव वामन शामिल हैं। फिल्म की कलर ग्रेडिंग का काम मुख्य रूप से प्रसाद लैब और स्टूडियो उन्नीस द्वारा किया गया।

तीसरे सप्ताह में आया जबरदस्त उछाल

उपलब्ध जानकारी के अनुसार फिल्म ने रिलीज के शुरुआती दौर में करीब 10 लाख रुपये की कमाई की। पहले सप्ताह में फिल्म का कलेक्शन करीब 1.08 करोड़ रुपये रहा, जबकि दूसरे सप्ताह में करीब 40 लाख रुपये की कमाई हुई।

तीसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई में अचानक बड़ा उछाल देखने को मिला और करीब 10.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

नीम करोली बाबा और हनुमान भक्ति पर आधारित है फिल्म

डीआई कलरिस्ट रवि पाराशर ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ महान संत नीम करोली बाबा के जीवन और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट आस्था पर आधारित फिल्म है। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है।

करीब दो करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई फिल्म का 12 करोड़ रुपये तक पहुंचा कलेक्शन इसे बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता दिलाने वाला साबित हुआ है। फिल्म की सफलता से जुड़े आंकड़े उपलब्ध जानकारी और फिल्म की टीम द्वारा साझा किए गए आंकड़ों पर आधारित हैं।