नगर परिषद चुनाव: नामांकन के लिए उमड़ा उत्साह, एक दिन में 117 पर्चे दाखिल

60 वार्डों में 109 अभ्यर्थियों ने जमा किए नामांकन, अब तक 119 नामांकन दाखिल; 31 अगस्त को आखिरी दिन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद ब्यावर आम चुनाव-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया में शनिवार को अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर परिषद के सभी 60 वार्डों के लिए शनिवार को 109 अभ्यर्थियों ने कुल 117 नाम निर्देशन पत्र जमा करवाए। इसके साथ ही नामांकन दाखिल करने वालों की कुल संख्या बढ़कर 119 हो गई है।
शनिवार को करीब 300 नाम निर्देशन पत्र वितरित किए गए। अब तक लगभग 800 नाम निर्देशन पत्र वितरित हो चुके हैं। वहीं चुनाव लड़ने के इच्छुक करीब 500 अभ्यर्थियों ने प्रतिभूति एवं निक्षेप राशि (अमानत राशि) जमा करवाई है। नामांकन केंद्रों पर दिनभर अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही।
31 अगस्त को अंतिम अवसर
नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए नाम निर्देशन पत्र जमा करने का अंतिम दिन 31 अगस्त है। इस दिन सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित चार केंद्रों पर नामांकन पत्र लिए जाएंगे। वार्ड 1 से 15 के लिए पी.एम.श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, छावनी रोड के कमरा नंबर 37, वार्ड 16 से 30 के लिए नगर परिषद ब्यावर, वार्ड 31 से 45 के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय के सभागार (पुराना वीसी हॉल) तथा वार्ड 46 से 60 के लिए अम्बेडकर भवन को नामांकन केंद्र बनाया गया है।

रविवार को हेल्प डेस्क से मिलेगी सहायता
रक्षाबंधन के कारण 28 अगस्त तथा रविवार के अवकाश के कारण 30 अगस्त को नामांकन पत्र जमा नहीं होंगे। हालांकि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी नामांकन स्थलों पर संचालित हेल्प डेस्क रविवार को भी सुबह 10.30 बजे से उपलब्ध रहेगी। यहां अभ्यर्थियों को नाम निर्देशन पत्र भरने में सहायता दी जाएगी।
1 सितंबर को जांच, 3 सितंबर तक नाम वापसी
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को सुबह 11 बजे से उपखंड अधिकारी ब्यावर के सभागार में होगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।