9 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों ने लिया कार्यशाला में हिस्सा, पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को उनके अधिकारों एवं कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर ब्यावर पुलिस की ओर से ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यशाला में जिले के 9 ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों के साथ विभिन्न पुलिस थानों के मनोनीत अधिकारी शामिल हुए।
कार्यशाला का आयोजन पुलिस अधीक्षक जिला ब्यावर रतन सिंह आईपीएस के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया आरपीएस के सुपरविजन में महिला थाना अधिकारी विघा मीना द्वारा किया गया।
इस दौरान डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को उनके कानूनी अधिकारों, संरक्षण एवं संबंधित कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि समुदाय के लोगों की ओर से थाने पर प्रस्तुत की जाने वाली शिकायतों एवं समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए तथा निष्पक्षता के साथ नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए।
महिला थाना अधिकारी विघा मीना ने भी ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों एवं उनके लिए बनाए गए कानूनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
