पंकज पोरवाल
*कहीं हॉकी, कहीं कुश्ती तो कहीं तैराकी, मैत्री मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर*
मेजर ध्यानचंद को नमन कर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, क्विज और मैत्री प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह
भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|हॉकी के जादूगर पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाए गए राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न खेल मैदानों में खेल प्रतिभाओं का उत्साह देखने को मिला। जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित विविध प्रतियोगिताओं में सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल भावना और फिटनेस का संदेश दिया। कहीं मैत्री मुकाबले हुए तो कहीं क्विज के माध्यम से खिलाड़ियों ने खेलों और मेजर ध्यानचंद के जीवन व उपलब्धियों की जानकारी हासिल की। जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय खेल दिवस पर कई गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न खेल मैदानों पर ‘खेलों को जानो’ क्विज प्रतियोगिता, मेजर ध्यानचंद की ऐतिहासिक उपलब्धियों की जानकारी और मैत्री प्रतियोगिताएं हुईं। स्वामी विवेकानंद तरण ताल में बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग दूरी एवं स्टाइल में तैराकी की मैत्री प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मुख्य समारोह टंकी के बालाजी स्थित केसरी नंदन व्यायामशाला में हुआ। यहां मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया। खिलाड़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर विपरीत परिस्थितियों में भी अपना सर्वाेच्च प्रदर्शन हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया। इसके बाद विभिन्न भार वर्गों में कुश्ती की मैत्री प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे। सुखाड़िया स्टेडियम स्थित राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के तहत विकसित जिला स्तरीय बास्केटबॉल खेल मैदान पर बालक-बालिकाओं के बीच मैत्री मैच हुए। इसी योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर संचालित 10 बास्केटबॉल खेल मैदानों पर भी मैत्री मुकाबले आयोजित किए गए। इसके अलावा लवकुश व्यायामशाला में कुश्ती, नगर निगम स्टेडियम में टेबल टेनिस, सुभाष नगर खेल मैदान में खो-खो, श्रीराम व्यायामशाला पुर में जूडो व कुश्ती, राजेंद्र मार्ग विद्यालय खेल मैदान में हॉकी तथा मोदी ग्राउंड में फुटबॉल, हैंडबॉल और नेटबॉल की गतिविधियां आयोजित की गईं।
