प्रशासन ने तैयार की राजस्व टीम-कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए 70 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/दूनी। स्मार्ट हलचल|देवली उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत घाड़ में गैर-मुमकिन पहाड़ सिवायचक भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आज 30 अगस्त को की जाएगी। यह कार्रवाई राजस्थान हाईकोर्ट के 6 अगस्त 2026 के निर्णय के अनुपालन में की जा रही है। संबंधित मामला डी.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 19408/2025 (विजय कुमार पहाड़िया बनाम राज्य सरकार व अन्य) से जुड़ा बताया गया है।
पटवारी हल्का घाड़ की रिपोर्ट के अनुसार ग्राम घाड़ के खसरा नंबर 1555, जिसका क्षेत्रफल 6.90 हेक्टेयर है और जो गैर-मुमकिन पहाड़ सिवायचक भूमि है, पर कुल 25 व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इन सभी अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
*8 सदस्यीय राजस्व टीम गठित*
कार्रवाई के लिए तहसीलदार दूनी द्वारा मजिस्ट्रेट अजय कुमार पांडेय की उपस्थिति में राजस्व टीम गठित की गई है। टीम में सूरज मल, भू-अ.नि. दूनी (अतिरिक्त प्रभार घाड़), जसवंत सिंह भू-अ.नि. देवड़ावास, बाबूलाल मीणा भू-अ.आंवा, प्रियंका मीणा पटवारी घाड़, बेनीप्रसाद नागर पटवारी बड़ौली, बुद्धिप्रकाश मीणा पटवारी चांदसिंहपुरा, योगेंद्र योगी पटवारी देवड़ावास और भंवर सिंह पटवारी शामिल हैं।
*70 पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती*
कार्रवाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 50 पुरुष और 20 महिला कांस्टेबल सहित कुल 70 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। पुलिस उपाधीक्षक वृत्त देवली एवं थानाधिकारी घाड़ को कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, खंड विकास अधिकारी पंचायत समिति देवली एवं ग्राम पंचायत प्रशासक घाड़ को 4-5 जेसीबी मशीनों सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। गठित टीम को ग्राम पंचायत प्रशासन घाड एवं पुलिस थाना घाड़ से समन्वय स्थापित कर राजस्व रिकॉर्ड के साथ मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
*25 अगस्त की जगह अब 30 अगस्त को कार्रवाई*
गौरतलब है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहले 25 अगस्त की तारीख निर्धारित की गई थी। प्रशासनिक कारणों के चलते कार्रवाई की तारीख में बदलाव करते हुए अब 30 अगस्त निर्धारित की गई है।
