महिला दिवस पर कोटा में साइकिल रैली, 200 साइकिल सवारों की भागीदारी

 

महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देती साइकिल रैली
साइकिल रैली से दिया महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश

कोटा।स्मार्ट हलचल|अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोटा शहर में महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देती साइकिल रैली का आयोजन किया गया। ‘पेडल फॉर साइकिल’ और ‘कोटा ग्रीन कम्युनिटी’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में शहर की अनेक महिला साइकिलिस्टों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
आयोजक हेमंत छाबरिया और प्रणव राज सिंह खींची ने बताया कि रैली महावीर नगर से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक, नयापुरा पर संपन्न हुई। लगभग 200 साइकिल सवारों ने इसमें भाग लिया। रैली के दौरान महिलाओं ने आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहर की सड़कों पर साइकिल चलाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में ऊषा बरदवा, आशिमा गोयल, प्रेम कंवर शक्तावत, ज्योत्सना खींची, नेहा शक्तावत, अचला त्रिपाठी, अंशु खंडेलवाल, श्वेता जैन, ममता शर्मा, गीतिका, वंदना, एकता कश्यप तथा डॉ. अर्चना मित्तल शामिल रहीं। इन सभी को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान पुलिस की विशेष ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ ने भी भागीदारी की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा ने बताया कि यह यूनिट महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए गठित विशेष महिला सुरक्षा इकाई है, जो नीली वर्दी और काली स्कूटी के साथ शहर में तैनात रहती है। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में छात्राएं और महिलाएं 1090 (महिला हेल्पलाइन) या 112 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के सदस्य आशिमा गोयल, चंद्रेश शर्मा, रितेश जैन, रामावतार सुमन, कृष्णा पराशर, मनोहर द्विवेदी और पंकज शर्मा की विशेष भूमिका रही। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को समाज में आगे बढ़ने और अपनी पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हैं।

सादर प्रकाशनार्थ सम्पादक महोदय
भवदीय
प्रणव राज खीची