राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा-स्मार्ट हलचल|शाहपुरा नगर पालिका के 35 वार्डों में होने वाले आगामी आम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन रविवार को निर्वाचन कार्यालय में अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर निर्वाचन कार्यालय परिसर में चुनावी गतिविधियां और समर्थकों की आवाजाही बनी रही।
रिटर्निंग अधिकारी बनवारी सिनसिनवार ने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता की पालना के तहत अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए। विभिन्न वार्डों से प्रत्याशियों द्वारा अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किए गए।
अंतिम दिन तक शाहपुरा नगर पालिका चुनाव के लिए कुल नाम निर्देशन पत्रों की संख्या 250 के पार पहुंच गई, जिससे नगर पालिका चुनाव में विभिन्न वार्डों में रोचक एवं बहुकोणीय मुकाबले होने के संकेत मिल रहे हैं।
नगर पालिका के 35 वार्डों में चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब लोगों की निगाहें नामांकन पत्रों की जांच और प्रत्याशियों की अंतिम सूची पर टिकी हुई हैं। चुनावी मैदान में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के उतरने से शाहपुरा नगर पालिका का चुनाव इस बार काफी रोचक होने की संभावना है।
