एनसीओआरडी की बैठक में कलक्टर ने दिए नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश के निर्देश
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में जिले में नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई, जागरूकता अभियान और नशामुक्ति गतिविधियों की समीक्षा की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने 28 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत 14 प्रकरण दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 11 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने 10 प्रकरणों में 478 किलो डोडा-पोस्त, दो प्रकरणों में 4 ग्राम स्मैक, एक प्रकरण में 85.56 किलो अफीम और एक प्रकरण में 252 ग्राम एमडी जब्त की।
जैतारण थाना क्षेत्र में भी 85.38 किलो अफीम जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।
170 लोगों की हुई काउंसलिंग
शिक्षा विभाग की ओर से एएसडी कॉलेज ब्यावर में दो जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। वहीं तिरंगा यात्रा के दौरान भी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। चिकित्सा विभाग ने अगस्त माह में 170 लोगों को नशामुक्ति एवं नशे से संबंधित काउंसलिंग प्रदान की।
समन्वित प्रयासों से बनेगा नशामुक्त समाज
जिला कलक्टर कमल राम मीना ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक के साथ युवाओं और विद्यार्थियों को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रवर्तन, जागरूकता, उपचार और परामर्श गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
