चार दिन बाद भी नहीं हुई अज्ञात महिला की शिनाख्त, वीर हिन्दू आर्मी ने कराया अंतिम संस्कार

मसूदा घाटी के जंगल में मिला था शव, पुलिस जांच में जुटी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|मसूदा घाटी के जंगल में 27 अगस्त को मिले अज्ञात महिला के शव की चार दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस प्रशासन की ओर से महिला की पहचान के लिए प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सोमवार को पुलिस प्रशासन ने वीर हिन्दू आर्मी के संस्थापक पंकज वर्मा को महिला के अंतिम संस्कार के लिए सूचना दी।
सूचना मिलते ही पंकज वर्मा अपनी टीम के साथ आगे आए। आवश्यक पुलिस कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संस्था के सदस्यों ने महिला के शव को ब्यावर स्थित हिन्दू सेवा मंडल मुक्तिधाम पहुंचाया। यहां हिन्दू रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस महिला की पहचान और मौत के कारणों को लेकर जांच कर रही है। पुलिस द्वारा मामले में विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की संभावना है।
वीर हिन्दू आर्मी के संस्थापक पंकज वर्मा ने कहा कि पहचान अज्ञात होने के बावजूद अंतिम सम्मान प्रत्येक इंसान का अधिकार है। संस्था का प्रयास है कि किसी भी व्यक्ति को अंतिम समय में अकेला और असहाय नहीं छोड़ा जाए।