नाथड़ियास में बजरी से भरे ट्रैक्टर ने अध्यापक को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत: ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, कोठारी नदी की बजरी लीज निरस्त करने की मांग

बेखौफ बजरी परिवहन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा; दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई, मुआवजे और बजरी लीज निरस्त करने की मांग पर अड़े ग्रामीण

रायपुर/भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)

रायपुर थाना क्षेत्र के नाथड़ियास गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अध्यापक प्रभु सिंह राजपूत की बजरी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर छा गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बेखौफ बजरी परिवहन से गहराया आक्रोश

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का बेखौफ और अनियंत्रित गति से संचालन आमजन की जान का दुश्मन बन चुका है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर भी बजरी परिवहनकर्ताओं के साथ मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाते हुए गहरा रोष व्यक्त किया।

🛑 ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:

  • हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
  • कोठारी नदी में संचालित बजरी लीज को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
  • मृतक अध्यापक के आश्रित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिलाया जाए।
  • सड़क मार्ग पर बजरी के अनियंत्रित व अवैध परिवहन पर स्थाई रोक लगे।

प्रशासनिक समझाइश जारी, मार्ग पर लगा लंबा जाम

सड़क पर चक्काजाम किए जाने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रशासनिक वार्ता का दौर जारी था।