ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ में कोटा मंडल की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरफ्तार

दिल्ली-उत्तर प्रदेश में 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज, 1.32 लाख रुपये का चोरी हुआ आईफोन बरामद

कोटा।स्मार्ट हलचल|रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी कोटा की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय शातिर चोर मोहम्मद शब्बीर उर्फ कांचा (27), निवासी दिल्ली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 1.32 लाख रुपये मूल्य का चोरी हुआ आईफोन-17 प्रो बरामद किया है।गाड़ी संख्या 22972 में यात्री का आईफोन चोरी होने के मामले में जीआरपी इंदौर से जीरो एफआईआर प्राप्त होने के बाद जीआरपी कोटा ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। कोटा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से संदिग्ध की पहचान हुई, जिसके आधार पर आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम ने उसे कोटा स्टेशन प्लेटफॉर्म संख्या-2 से पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी हुआ मोबाइल बरामद किया गया।

आईसीजेएस में उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट एवं शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जीआरपी, नरेला, नरेला औद्योगिक क्षेत्र और मथुरा जीआरपी के मामले शामिल हैं। आरोपी से जुड़े अन्य मामलों एवं सहयोगियों के संबंध में जांच जारी है।

कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट कोटा, आरपीएफ मंडलीय टीम एवं जीआरपी कोटा के अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेलवे द्वारा यात्रियों एवं उनके सामान की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी निगरानी तथा आरपीएफ-जीआरपी के समन्वय से लगातार कार्रवाई की जा रही है।