बीगोद में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने पर गरमाया माहौल, निर्वाचन कार्यालय के बाहर जुटे समर्थक
वार्ड 19 से अनिल पारीक का पर्चा निरस्त, नियुक्ति से जुड़े मामले को बताया जा रहा कारण; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
बीगोद, स्मार्ट हलचल। नगर पालिका चुनाव की नामांकन जांच प्रक्रिया के दौरान बीगोद में उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब वार्ड नंबर 19 से भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा नेता एडवोकेट अनिल पारीक का नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया। नामांकन खारिज होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता निर्वाचन कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए और कार्रवाई पर नाराजगी जताई।जानकारी के अनुसार नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान रिटर्निंग अधिकारी अरुण कुमार जैन ने वार्ड 19 से भाजपा प्रत्याशी अनिल पारीक का नामांकन निरस्त किया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक नामांकन निरस्तीकरण को बीगोद नगर पालिका में उनके विधि सलाहकार के रूप में नियुक्त होने से जुड़े मामले से जोड़ा जा रहा है।
नामांकन खारिज होने के बाद निर्वाचन कार्यालय के बाहर जुटे समर्थक
नामांकन निरस्त होने की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और कार्रवाई को लेकर विरोध के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
अधिकारी और पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा
स्थिति की जानकारी मिलने पर मांडलगढ़ रिटर्निंग अधिकारी स्वाति झा और डीएसपी योगेश शर्मा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं से समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने निर्वाचन कार्यालय के बाहर जमा लोगों को वहां से हटाया।
नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। वहीं, घटना के बाद बीगोद नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। अब नामांकन निरस्तीकरण के मामले को लेकर आगे क्या रुख सामने आता है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
