टोंक में पत्थरबाजी से तनाव-पुरानी टोंक इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

शिवराज बारवाल मीना

टोंक । स्मार्ट हलचल|जिला मुख्यालय के पुरानी टोंक देशवाली मौहल्ला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद के बाद पत्थरबाजी की घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस प्रशासन ड्रोन से असामाजिक तत्वों पर निगरानी बनाए हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, महामंत्री प्रभु बाड़ोलिया और पार्षद मनीष सिसोदिया मौके पर पहुंचे और पीड़ित लोगों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। भाजपा नेताओं व क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत में कहा कि समुदाय विशेष के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पूरी तरह से शांति है और स्थिति नियंत्रण में है।
*क्या है पूरा मामला*
पुरानी टोंक के देशवाली मौहल्ला क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो पक्षों में विवाद हुआ। विवाद के बाद समुदाय विशेष के लोगों की ओर से दलित समाज पर पत्थरबाजी की घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था कायम हैं।
*नेताओं और मौहल्लेवासियों की मांग*
भाजपा नेताओं और मौहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पत्थरबाजी करने वाले सभी असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।