सात भेड़ें घायल, चरवाहों का लाखों रुपये का नुकसान
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के बसवा गांव में बुधवार सुबह लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच ईंट-भट्ठे का चैंबर अचानक भरभराकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से मलबे में दबकर 15 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि सात भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चरवाहों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाकर घायल भेड़ों को बाहर निकाला।
चरवाहों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बारिश होने से चारों तरफ जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में उन्होंने मंगलवार की शाम सड़क किनारे भेड़ों को बैठा दिया था। सुबह करीब पांच बजे सड़क पर एक वाहन आने के बाद भेड़ें घबराकर पास स्थित ईंट-भट्ठे के चैंबर में चली गईं। इसी दौरान अचानक चैंबर भरभराकर गिर गया और करीब 23 भेड़ें मलबे में दब गईं।
हादसे के बाद चरवाहों ने आनन-फानन मलबा हटाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सात भेड़ों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि 15 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत भेड़ों में अखिलेश पुत्र रामनारायण की पांच, कुंवारे पुत्र शिवनारायण की छह, पौली निवासी धर्मपाल पुत्र जगनमोहन की दो तथा केशव पाल की दो भेड़ें शामिल हैं। हादसे में चरवाहों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सक डॉ. प्रवीण कुमार और डॉ. विकास गुप्ता मौके पर पहुंचे। चिकित्सकों ने मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया और घायल भेड़ों का उपचार किया। वहीं क्षेत्रीय लेखपाल अनुज कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। उन्होंने पीड़ित चरवाहों को नियमानुसार हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
