महेन्द्र नागौरी
8 सितंबर को उपखंड कार्यालयों पर ज्ञापन, अधीक्षण अभियंता की कथित टिप्पणी से कर्मचारियों में रोष
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|अजमेर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ (BMS) ने कर्मचारी हितों और सम्मान को लेकर मोर्चा खोल दिया है। संगठन की वर्चुअल बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं, सुरक्षा और कथित अभद्र व्यवहार के मुद्दों पर मंथन के बाद 8 सितंबर को जिले के सभी उपखंड कार्यालयों पर ऊर्जा शासन सचिव के नाम शांतिपूर्ण ज्ञापन देने का फैसला किया गया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष जमनालाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह राठौड़ ने मार्गदर्शन दिया। बैठक में अधीक्षण अभियंता, भीलवाड़ा द्वारा तकनीकी कर्मचारियों के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तीखा आक्रोश जताया।
संगठन ने कहा कि बिजली कर्मचारी दिन-रात जोखिम उठाकर विद्युत व्यवस्था संभालते हैं, ऐसे में उनके सम्मान और स्वाभिमान से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।
बैठक में लंबे समय से जिले में कार्यरत ओ.पी. कठोड़ के कार्यकाल के दौरान हुई विद्युत दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने को लेकर भी अधीक्षण अभियंता की कार्यशैली पर असंतोष जताया गया और उचित कार्रवाई की मांग का प्रस्ताव पारित किया गया।
श्रमिक नेता जुम्मा कटात ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के कारण फिलहाल धरना-प्रदर्शन स्थगित है। संगठन पहले चरण में लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन देकर अपनी आवाज सरकार और विभाग तक पहुंचाएगा।
BMS ने साफ कर दिया—कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के सवाल पर संगठन पीछे हटने वाला नहीं है। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का संकल्प लिया और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा।
