सवाईभोज स्वीट्स व अरोड़ा मिष्ठान भंडार का औचक निरीक्षण, घेवर-गुलाब जामुन समेत घी के नमूने लिए
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ योजना के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने मसूदा में दो मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान करीब 90 किलो सड़ी-गली और बदबूदार मिठाई मिलने पर उसे मौके पर जब्त कर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त, जयपुर एवं जिला कलक्टर कमल राग गीणा के निर्देशन तथा सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने श्री सवाईभोज स्वीट्स एंड फास्ट फूड तथा अरोड़ा मिष्ठान भंडार, मसूदा का निरीक्षण किया। इस दौरान घेवर, गुलाब जामुन, कलाकंद और घी के नमूने लिए गए। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रतिष्ठानों पर खराब, सड़ी-गली और दुर्गंधयुक्त मिठाइयां पाए जाने पर करीब 90 किलो सामग्री को जब्त कर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता नहीं करने के लिए पाबंद किया तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह और दशरथ सिंह मौजूद रहे।
लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए अजमेर लैब भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग तारीख, निर्माता का पूरा विवरण और मिठाई बनने की तारीख की जांच जरूर करें तथा संदिग्ध या खराब खाद्य सामग्री खरीदने से बचें।
