नन्हीं हार्वी के नृत्य ने जीता सबका दिल, महिला सम्मान समारोह में 101 महिलाओं का हुआ सम्मान

भीलवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के आजाद नगर स्थित एक निजी गार्डन में पूर्वांचल जन चेतना समिति व मणि एजुकेशन सोसायटी के तत्वावधान में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वांचल जन चेतना समिति के अध्यक्ष रजनीश वर्मा व संयोजक अनुराधा झा ने दीप प्रज्वलित कर की। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कुल 101 महिलाओं व बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर भी विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर वायरल हुई 4 वर्ष की बालिका हार्वी शर्मा ने अपने नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन किया। वहीं माधवी सेन ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुति दी। माधवी सेन राजस्थान सहित कई राज्यों में अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन कर कई खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।