राजकीय महाविद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन

राजेन्द्र खटीक

शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में शिक्षक दिवस के अवसर पर एन.सी.सी. के तत्वावधान में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. पुष्करराज मीणा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। समारोह में सकीना बंजारा एवं आशा कुमावत द्वारा महाविद्यालय के शिक्षकों को रोली एवं मौली लगाकर उनका अभिनंदन किया गया। वहीं छात्रा डाली कुम्हार ने भावपूर्ण ‘गुरुवंदन’ गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सभी शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा व्यक्त की। गीत की प्रस्तुति ने समारोह के वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मूलचंद खटीक द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स, छात्र-छात्राएँ तथा संकाय सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट की। समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. पुष्करराज मीणा ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिकता का मार्ग भी दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एन.सी.सी. कैडेट्स ने अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना को प्रदर्शित करते हुए शिक्षक दिवस समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में संकाय सदस्य डाॅ. ऋचा अंगिरा, प्रो. धर्मनारायण वैष्णव, प्रो. दिग्विजय सिंह, प्रो. विजय परमार, प्रो. प्रियंका ढाका, प्रो. विनोद कुमारी, प्रो. अतुल कुमार जोशी, प्रो. अतुल जैन, प्रो. अंकित मीना, प्रो. नरेन्द्र सिंह चैधरी, प्रो. रवि कुमार जैन, प्रो. नेहा जैन एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। अंत में एन.सी.सी. प्रभारी डॉ. दलवीर सिंह ने सभी उपस्थित अतिथियों, प्राचार्य, संकाय सदस्यों, एन.सी.सी. कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।