रक्षाबंधन पर पीहर आई मां की खुशियां मातम में बदलीं, घटना से गांव में पसरा सन्नाटा सर्पदश से घर के आंगन में सो रही दो मासूम बहनों को सांप ने डसा दोनों की मौत

भीलवाड़ा

किशन खटीक
स्मार्ट हलचल|रायपुर|रायपुर थाना क्षेत्र के मोखमपुरा गांव में रविवार को रक्षाबंधन के पर्व पर आई एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घर के चौक में मां के साथ सो रही दो मासूम बहनों को रविवार अलसुबह सांप ने डस लिया। हादसे में दोनों बच्चियों की उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मोखमपुरा गांव निवासी ज्ञानी देवी गुर्जर रक्षाबंधन के पर्व पर अपने पीहर आई हुई थीं। वह अपनी बेटियों कृष्णा (5) और भावना (2) के साथ घर के चौक में सो रही थीं। अलसुबह सांप ने दोनों बच्चियों को डस लिया। परिजन तत्काल दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने भावना (2) को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष्णा (5) की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भीलवाड़ा के लिए रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही कृष्णा ने भी दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में बड़ी संख्या में परिजन एवं क्षेत्रवासी एकत्रित हो गए। हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों बच्चियों का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।रक्षाबंधन के पर्व पर हुई इस हृदयविदारक घटना से परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। दो मासूम बहनों की एक साथ मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *