डाबकी शिव मंदिर पर रामनवमी के मेले में दंगल: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, यूपी और जम्मू-कश्मीर से पहुंचे पहलवान
हिंडौन सिटी, स्मार्ट हलचल।पंचायत समिति शेरपुर क्षेत्र के डाबकी शिव मंदिर परिसर में शनिवार को रामनवमी के अवसर पर कुश्ती दंगल मेले का आयोजन हुआ। दोपहर 2 बजे शुरू हुआ दंगल शाम 7 बजे तक चला। दंगल की आखिरी और सबसे बड़ी ₹21 हजार की कुश्ती सिंह हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रघुवीर सिंह डागुर की ओर से कराई गई, जिसमें शेरपुर के जोगेंद्र पहलवान और नूरपुर के दीपक पहलवान आमने-सामने हुए। कड़े मुकाबले में दीपक पहलवान विजेता रहे।
निर्णायक मनोज डागुर शेरपुर ने बताया कि ₹21 हजार का एक अन्य मुकाबला भी हुआ, जो रसीदपुर के हरेंद्र पहलवान और फुलवारा के कुशपाल पहलवान के बीच बराबरी पर छूटा। इसके अलावा ₹15 हजार के दो मुकाबले हुए। इनमें जरूआ कतरा के सौरभ पहलवान विजयी रहे। यह कुश्ती सोनू डागुर शेरपुर की ओर से कराई गई। दूसरे मुकाबले में सोमला के देव पहलवान और करावली के मागे पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा।
दंगल में ₹11 हजार के पांच मुकाबले सहित ₹50 से लेकर ₹21 हजार तक की कई कुश्तियां हुईं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने दांव-पेंच आजमाए। विजेता पहलवानों को कमेटी की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
लंबी कूद में बंटी फागना प्रथम
कुश्ती दंगल से पहले लंबी कूद प्रतियोगिता हुई, जिसमें बंटी फागना प्रथम, आकाश शेरपुर द्वितीय और आशिक शाह हाड़ौली तृतीय रहे। मेले में झूले, खिलौनों और चाट-पकौड़ी की दुकानें भी लगीं। दंगल देखने के लिए शेरपुर सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे।
दंगल में निर्णायक के रूप में मनोज डागुर शेरपुर, सोहन सिंह पीटीआई, अमर सिंह, बाबू, नाहर सिंह और वीरेंद्र सिंह डागुर ने भूमिका निभाई। ग्राम पंचायत प्रशासक लाखन सिंह जाटव, भरत पहलवान, हरगुण पहलवान, बाबू सिंह डागुर और उद्यम सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

