सियासत के शोर से दूर… तस्वीर में दिखी मां की खामोश जिम्मेदारी
अलकेश पारीक
जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। चुनावी भागदौड़ के बीच कई बार एक छोटा-सा मानवीय पल बड़ी कहानी कह जाता है। जहाजपुर के वार्ड नंबर 12 में जनसंपर्क कर रहीं भाजपा प्रत्याशी अंतिम वाला सोनी के साथ उनके बच्चे भी नजर आए। इसी दौरान बच्चे को प्यास लगी तो अंतिम वाला सोनी ने प्रचार की व्यस्तता के बीच कुछ पल रुककर उसे पानी पिलाया।
तस्वीर में मां और बच्चे के बीच का यह सहज पल चुनावी शोर से बिल्कुल अलग दिखाई देता है। मतदाताओं से संपर्क करने और जनसंपर्क अभियान के बीच भी बच्चे की छोटी-सी जरूरत उनकी नजर से नहीं छूटी।
न कोई भाषण, न कोई नारा और न कोई दिखावा… बस बच्चे को पानी पिलाती मां की एक तस्वीर। यही छोटा-सा दृश्य ममता, अपनापन और जिम्मेदारी की पूरी कहानी बयां करता नजर आया।
वार्ड 12 में चुनाव प्रचार के दौरान सामने आया यह पल याद दिलाता है कि जिम्मेदारियां चाहे कितनी भी बड़ी हों, मां की नजर अपने बच्चे की छोटी-सी जरूरत पर भी बनी रहती है। चुनावी माहौल के बीच अंतिम वाला सोनी की यह तस्वीर सियासत से इतर एक बेहद सहज और मानवीय तस्वीर के रूप में सामने आई।