अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 59 में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। निर्दलीय प्रत्याशी लीला रावत ने सोमवार को वार्ड में जनसंपर्क कर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क के दौरान लीला रावत का महिलाओं के बीच अलग अंदाज देखने को मिला। वार्ड के एक चौराहे पर स्थित घर पहुंचकर उन्होंने चूल्हे पर रोटी बनाई और महिलाओं से संवाद करते हुए अपने समर्थन का आशीर्वाद मांगा।रोटी बनाते हुए लीला रावत ने महिलाओं से कहा कि वे जमीन से जुड़ी हुई हैं और वार्ड के लोगों को अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए समाज का हर वर्ग समान है। वे किसी तरह का ऊंच-नीच का भेदभाव नहीं रखतीं और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं।
उन्होंने कहा कि वार्डवासियों ने उन्हें मौका दिया तो वे वार्ड की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगी। वार्ड को परिवार की तरह संभालने और हर परिवार के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा भी उन्होंने दिलाया।
जनसंपर्क के दौरान महिलाओं से बातचीत करते हुए लीला रावत ने कहा कि चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि वार्ड के भविष्य को बेहतर बनाने का निर्णय है। उन्होंने वार्ड के विकास और लोगों की समस्याओं के लिए निरंतर सक्रिय रहने का विश्वास दिलाते हुए समर्थन मांगा।