केले से तौले प्रत्याशी, जनसंपर्क में दिखा चुनावी उत्साह

 

वार्ड 44 में भाजपा के प्रत्याशी तुलसीराम शर्मा एवं वार्ड 31 में कांग्रेस प्रत्याशी के लोकेश सामरिया का हुआ अभिनंदन

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर के वार्डों में चुनावी रंग चढ़ने लगा है। प्रत्याशियों के जनसंपर्क के साथ अब स्वागत के अनूठे अंदाज भी देखने को मिल रहे हैं। वार्डों में पहुंच रहे प्रत्याशियों का कहीं फूलमालाओं से स्वागत हो रहा है तो कहीं उन्हें फलों से तराजू में तौलकर सम्मानित किया जा रहा है। ऐसे ही दो अलग-अलग वार्डों में प्रत्याशियों को केले से तराजू में तौलकर स्वागत किया गया।वार्ड नंबर 44 से भाजपा प्रत्याशी तुलसीराम शर्मा जनसंपर्क के लिए पहुंचे तो वार्डवासियों और समर्थकों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें केले से तराजू में तौलकर अभिनंदन किया गया। वहीं वार्ड नंबर 31 में कांग्रेस प्रत्याशी लोकेश सामरिया के जनसंपर्क के दौरान भी समर्थकों ने उन्हें केले से तराजू में तौला। दोनों वार्डों में हुए स्वागत के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।

जनसंपर्क के दौरान प्रत्याशियों ने घर-घर पहुंचकर वार्डवासियों से संवाद किया और आगामी मतदान में समर्थन देने की अपील की। प्रत्याशियों ने कहा कि वे जमीन से जुड़े हुए हैं और वार्ड को अपना परिवार मानकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वार्डवासियों के सुख-दुख में परिवार के सदस्य की तरह उनके साथ खड़े रहेंगे।

प्रत्याशियों ने वार्ड की समस्याओं को अपनी समस्या बताते हुए उनके समाधान को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट सहित मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास किया जाएगा। जनसंपर्क के दौरान वार्डवासियों से उनकी समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया गया।

जनसंपर्क के दौरान जगह-जगह हुए स्वागत और वार्डवासियों की भागीदारी से ब्यावर में निकाय चुनाव का माहौल लगातार जोर पकड़ता नजर आ रहा है.