निकाय चुनाव का काउंटडाउन शुरू, 9 सितंबर को ब्यावर समेत तीन निकायों में मतदान

 

ब्यावर के 60 समेत 120 वार्डों में होगी वोटिंग, सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदाता डालेंगे वोट

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल |नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर चुनावी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ब्यावर जिले में प्रथम चरण के तहत बुधवार, 9 सितंबर को नगर परिषद ब्यावर सहित तीन निकायों में मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीनों निकायों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
प्रथम चरण में नगर परिषद ब्यावर के 60 वार्ड, नगर पालिका विजयनगर के 40 वार्ड तथा नगर पालिका मसूदा के 20 वार्डों में मतदान होगा। मतदान दलों की रवानगी मंगलवार को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के स्तर से की जाएगी। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त जाब्ता
मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस मोबाइल यूनिट द्वारा लगातार गश्त की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।