भाजपा का कांग्रेसीकरण कर दिया, इस बार बोर्ड बनना मुश्किल’

  • वरिष्ठ नागरिक मंच अध्यक्ष शंकर लाल मंडोवरा का विधायक गोपीचंद मीणा पर सियासी निशाना, चुनावी माहौल में बयान ने बढ़ाई हलचल

 

अलकेश पारीक | जहाजपुर

 

स्मार्ट हलचल।जहाजपुर नगर पालिका चुनाव जैसे-जैसे मतदान की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे स्थानीय सियासत में बयानों की गर्मी भी बढ़ती जा रही है। इसी बीच वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष शंकर लाल मंडोवरा के एक बयान ने चुनावी चर्चाओं को नया मुद्दा दे दिया है। मंडोवरा ने विधायक गोपीचंद मीणा की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक ने “भाजपा का कांग्रेसीकरण कर दिया है।”

 

मंडोवरा ने अपने बयान में यहां तक दावा किया कि विधायक की भूमिका और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों के चलते इस बार जहाजपुर नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड नहीं बन पाएगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब चुनावी मैदान में भाजपा और कांग्रेस के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी मुकाबले को काफी दिलचस्प बना दिया है।

 

बोर्ड से पहले बयानों ने गरमाया चुनावी मैदान

 

जहाजपुर की राजनीति में नगर पालिका बोर्ड का गठन हमेशा स्थानीय समीकरणों का बड़ा केंद्र रहा है। इस बार भी कई वार्डों में मुकाबला सीधा नजर आने के बजाय त्रिकोणीय और बहुकोणीय दिखाई दे रहा है। ऐसे में मंडोवरा का बयान भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से असहज सवाल जरूर खड़े करता है।

 

हालांकि मंडोवरा का यह राजनीतिक आकलन चुनाव परिणाम में कितना सही साबित होता है, इसका फैसला मतदाता करेंगे। लेकिन उनके बयान ने इतना जरूर कर दिया है कि मतदान से पहले ‘किसका बोर्ड बनेगा?’ की चर्चा के साथ अब ‘किसकी रणनीति कामयाब होगी?’ का सवाल भी जहाजपुर की चुनावी चौपालों में सुनाई देने लगा है।

 

अब देखना दिलचस्प होगा कि मंडोवरा का यह दावा सिर्फ चुनावी माहौल में उठी एक राजनीतिक आवाज साबित होता है या फिर मतदान के बाद परिणाम उनके आकलन की पुष्टि करते हैं।