खामोर में बड़ा हादसा टला: मजदूरों से भरी वेन सरसों की बोरियों से लदी पिकअप से टकराई, महिलाएं घायल, वाहन क्षतिग्रस्त

किशन वैष्णव

खामोर  । क्षेत्र के खामोर गांव के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब मजदूरों से भरी एक वेन सरसों की बोरियों से लदी पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वेन का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं उसमें सवार महिलाओं को हल्की चोटें आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वेन में खेतों में काम करने जा रही महिला मजदूर सवार थीं। इसी दौरान सामने से आ रही सरसों की बोरियों से भरी पिकअप से वेन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे में वेन में सवार कुछ महिलाओं को हल्की चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से तुरंत प्राथमिक उपचार दिलाया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलने पर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता सुचारू किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।