भारतीय सेना की कठिन ट्रेनिंग पूरी कर पहली बार घर पहुंचीं लेफ्टिनेंट कनिका पाराशर, शहरवासियों ने पुष्पवर्षा और मालाओं से किया भव्य अभिनंदन
अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|भारतीय सेना की कठिन ट्रेनिंग पूरी कर लेफ्टिनेंट कनिका पाराशर के पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचने पर जहाजपुर में गौरव और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कनिका के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी, महिलाएं, युवा एवं गणमान्यजन एकत्र हुए और ढोल-नगाड़ों के बीच उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।गौतम आश्रम से उनके आवास तक निकली स्वागत यात्रा में शहर की महिलाओं ने विशेष उत्साह दिखाया। रास्ते में लोगों ने मालाएं पहनाकर, पुष्प भेंट कर और मिठाई खिलाकर कनिका का स्वागत किया। भारतीय सेना की वर्दी में पहुंचीं कनिका के चेहरे पर आत्मविश्वास और देशसेवा का गौरव साफ नजर आया।
हर बेटी के लिए बनी प्रेरणा
कनिका की उपलब्धि को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। लोगों का कहना है कि छोटे शहर से निकलकर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में अपनी पहचान बनाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता न केवल परिवार बल्कि जहाजपुर की बेटियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
स्वागत समारोह के दौरान “बेटी बनी सेना की शान, कनिका पर पूरे क्षेत्र को अभिमान” जैसे नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। लोगों ने कनिका के उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी की बेटियों को सेना और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का हौसला देगी।
कनिका का यह स्वागत महज एक बेटी की घर वापसी नहीं, बल्कि उस जज्बे का सम्मान रहा, जिसने अपने सपने को देशसेवा के संकल्प में बदल दिया।