वोट डालने से पहले घर बैठे चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम

ऑनलाइन मिल जाएगी वार्ड से लेकर मतदान केंद्र तक की पूरी जानकारी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाताओं की सुविधा के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची में नाम और विवरण ऑनलाइन जांचने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मतदाता राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की वेबसाइट पर ‘Search Voter’ विकल्प के माध्यम से घर बैठे अपना नाम मतदाता सूची में देख सकते हैं।
मतदाता जिला, नगरीय निकाय का नाम, अपना नाम, पिता या पति का नाम और आयु दर्ज कर मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। इसके अलावा Voter ID/EPIC नंबर के माध्यम से भी नाम की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
सर्च करने पर मतदाता को वार्ड नंबर, वार्ड पार्ट नंबर, क्रम संख्या, मतदाता का नाम, पिता/पति/संबंधी का नाम, आयु, EPIC नंबर, लिंग, मकान नंबर, मतदान केंद्र क्रमांक व मतदान केंद्र का पता सहित अन्य संबंधित जानकारी भी मिल सकेगी।
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से पहले मतदाता सूची में अपना नाम और मतदान केंद्र की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।