( महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में बरडौद गांव की नर्सरी में हुए अधेड़ की हत्या और उसकी पत्नी से दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रमेश उर्फ राधेश्याम कालबेलिया (42) को गिरफ्तार किया है, जो घटना के बाद दूसरे राज्य भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च को सूचना मिली थी कि बरडौद की नर्सरी में मजदूरी करने वाले कालबेलिया समाज के लोगों के बीच विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के भतीजे ने रिपोर्ट दी कि आरोपी रमेश उर्फ राधेश्याम ने अपनी पत्नी से मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए शंकरलाल के साथ गंभीर मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने मृतक की पत्नी को टपरी में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन व वृत्ताधिकारी माधव उपाध्याय के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार बेड़ा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने परंपरागत तरीके और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बतादे की मामले में आगे की जांच जारी है।
