चुनाव में आमने-सामने, मतदान खत्म होते ही साथ-साथ
वार्ड 57 में दिखी लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर, तीनों प्रत्याशियों ने दिया सौहार्द्र और विकास का संदेश
मदन मोहन गर्ग
गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी गपशप के बीच मतदान समाप्ति के बाद लोकतंत्र की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई। नगर परिषद गंगापुर सिटी के चर्चित वार्ड संख्या 57 में चुनाव के दौरान एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रहे भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी मतदान समाप्त होते ही एक साथ खड़े नजर आए।
वार्ड 57 में पार्षद पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला रहा। चुनाव प्रचार से लेकर मतदान तक तीनों प्रत्याशी एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए पूरी ताकत लगाते दिखाई दिए, लेकिन मतदान समाप्त होते ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता पीछे छूट गई। भाजपा प्रत्याशी मनोज बंसल, कांग्रेस प्रत्याशी बाबूलाल कुनकुटा और निर्दलीय प्रत्याशी विजय गुप्ता ने एक साथ फोटो खिंचवाकर आपसी सौहार्द्र का संदेश दिया।
तीनों प्रत्याशियों की साथ वाली तस्वीर अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। तस्वीर के जरिए यह संदेश भी सामने आया कि चुनावी मुकाबला अपनी जगह है, लेकिन चुनाव के बाद वार्ड के विकास, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द्र के लिए सभी एक साथ खड़े हो सकते हैं।
यही लोकतंत्र की वास्तविक सुंदरता है—चुनाव में मुकाबला, लेकिन चुनाव के बाद आपसी सम्मान और सौहार्द्र।