9 से 24 अक्टूबर तक जसवंतनगर की विश्व प्रसिद्ध मैदानी रामलीला का भव्य आयोजन

(सुघर सिंह इटावा ब्यूरो)

इटावा ।स्मार्ट हलचल|श्री रामलीला समिति जसवन्तनगर कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूनेस्को द्वारा विश्व विरासत घोषित रामलीला 2026 का कार्यक्रम घोषित किया गया। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रामलीला में इस बर्ष पिछले वर्ष से भव्य व शानदार रामलीला का आयोजन होगा। इसके लिए तैयारी शुरु कर दी गयी है।मेला कमेटी के प्रबंधक राजीव गुप्ता बबलू, व उप प्रबंधक ठाकुर अजेंद्र सिंह गौर ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को धनुष भंग एवं लक्ष्मण-परशुराम संवाद से लीला कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। 10 अक्टूबर को रामबारात, 12 अक्टूबर को राम वनवास तथा 13 अक्टूबर को भरत मनौआ एवं भरत मिलाप की लीला होगी। इसके बाद 14 अक्टूबर को जयंत की आंख फूटना एवं विराध वध, जबकि 15 अक्टूबर को सूर्पणखा के नाक-कान काटने, खर-दूषण वध और रावण-मारीच वार्ता का मंचन किया जाएगा।16 अक्टूबर को मारीच वध, सीता हरण, कबंध वध एवं सुग्रीव मिलाई की लीला होगी। 17 अक्टूबर को बालि वध, रावण-हनुमान संवाद, लंका दहन और अक्षय कुमार वध दर्शाया जाएगा। 18 अक्टूबर को सेतु बंधाना, रावण-अंगद संवाद, लक्ष्मण शक्ति एवं कुंभकरण जगाना प्रमुख आकर्षण रहेगा।

कार्यक्रम में 19 अक्टूबर को दुर्मुख वध, कुंभकरण युद्ध एवं वध, मेघनाद वध तथा सती सुलोचना की लीला होगी। 20 अक्टूबर को अतिकाय वध, नारांतक वध एवं रावण युद्ध, 21 अक्टूबर को अहिरावण वध एवं रावण वध का मंचन होगा। 22 अक्टूबर को भरत मिलाप, नगर भ्रमण एवं ढोला पार्टी, जब कि 23 अक्टूबर को नगर भ्रमण व ढोला पार्टी का आयोजन होगा। 24 अक्टूबर को राजगद्दी एवं जादू शो के साथ रामलीला के प्रमुख कार्यक्रमों का समापन होगा।

➡️25 से 29 अक्टूबर तक पंच दिवसीय रासलीला

रामलीला के साथ सांस्कृतिक आयोजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई है। 25 से 29 अक्टूबर 2026 तक रामलीला मैदान में पंच दिवसीय रासलीला का आयोजन किया जाएगा। इसमें 25 अक्टूबर को श्रीकृष्ण जन्म लीला, 26 अक्टूबर को माखन चोरी लीला, 27 अक्टूबर को द्रौपदी चीरहरण लीला, 28 अक्टूबर को कंस वध लीला तथा 29 अक्टूबर को फूलों की होली का आयोजन होगा। सभी कार्यक्रम शाम 8 बजे से प्रस्तावित हैं।

➡️30 अक्टूबर को राजस्थानी लोक नृत्य व गरबा

30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को रात 8 बजे रामलीला मैदान, जसवंतनगर में राजस्थानी लोक नृत्य व गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

➡️31 अक्टूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन

31 अक्टूबर 2026, शनिवार को रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। पोस्टर में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आमंत्रित कवियों के नाम भी प्रदर्शित किए गए हैं। कवि सम्मेलन के माध्यम से हास्य, व्यंग्य, वीर एवं साहित्यिक प्रस्तुतियों का रंग जमने की उम्मीद है। इस कवि सम्मेलन में यश भारती सम्मानित प्रसिद्ध गीतकार डॉ विष्णु सक्सेना, मुमताज नसीम अलीगढ़, दिनेश देशी घी उज्जैन, बिलाल सहारनपुरी, हिमांशी बाबरा मेरठ, विष्णु विराट पलवल, प्रीति पांडे प्रतापगढ़, मयंक विधौलिया इटावा, कुमार मनोज इटावा आदि काव्य हस्ताक्षरों को आमंत्रित किया गया है

➡️1 नवंबर को भोजपुरी स्टार नाइट

1 नवंबर 2026, रविवार को शाम 7 बजे रामलीला मैदान में भोजपुरी स्टार नाइट एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भोजपुरी स्टार नाइट के रूप में शुभी शर्मा की प्रस्तुति प्रस्तावित है।

➡️2 व 3 नवंबर को स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम

आयोजन की अंतिम कड़ी में 2 एवं 3 नवंबर 2026 को शाम 7 बजे से स्थानीय स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। इससे स्थानीय विद्यालयों के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष हीरालाल गुप्ता, सदस्य राजीव माथुर, कोषाध्यक्ष अनिल गुप्ता “अन्नू” अलौकिक गौर सदस्य, रतन पांडेय, विकास यादव, आदि मौजूद रहे।