श्री सीमेंट-रास में गोपी गीत कथा का भक्तिमय समापन श्री श्रीजी महाराज ने कहा—निष्काम प्रेम और प्रभु स्मरण ही सच्ची भक्ति का मार्ग

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|श्री सीमेंट लिमिटेड, रास की आवासीय कॉलोनी परिसर में आयोजित वार्षिकोत्सव के तहत चल रही संगीतमय गोपी गीत कथा का रविवार को भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। निम्बार्क तीर्थ-अजमेर के पीठाधीश्वर स्वामी श्री श्यामशरण देवाचार्य श्री श्रीजी महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा के रास पंचाध्यायी प्रसंगों का संगीतमय वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर किया।प्रवचन में श्री श्रीजी महाराज ने कहा कि गोपियों का भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अनन्य प्रेम, विरह और समर्पण सच्ची भक्ति का सर्वोच्च स्वरूप है। साधक जब अहंकार का त्याग कर निष्काम भाव से प्रभु का स्मरण करता है, तो उसे ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि कलियुग में प्रभु स्मरण, सत्संग और भक्ति ही मोक्ष एवं शाश्वत शांति का मार्ग हैं।

कथा के दौरान संगीतमय भजनों और श्रीकृष्ण की रासलीला के सुंदर वर्णन से कथा स्थल भक्तिमय हो उठा। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने कथा का श्रवण किया। कंपनी के चीफ मैन्युफैक्चरिंग ऑफिसर सतीश माहेश्वरी ने भी कथा का आनंद लिया और आयोजन को श्रद्धालुओं के लिए कल्याणकारी बताया। शाम 7:15 बजे गणराज की भव्य आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

गणेश चतुर्थी पर आज होंगे धार्मिक आयोजन

महोत्सव के तीसरे दिन मंदिर में आचार्य श्री लक्ष्मीनारायण शास्त्री के सान्निध्य में देव पूजन किया गया। कंपनी के हेड कॉस्टिंग रामनारायण डाणी, ब्यावर यूनिट हेड विकास सिंघल, रास एमआर हेड जे.के. पुरोहित एवं मेंटेनेंस हेड सुमित जगासिया ने सपत्नीक पूजा-अर्चना कर सर्वमंगल की कामना की।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को सुबह 7 बजे महाभिषेक, 9:30 बजे हवन, 11:30 बजे 1008 मोदक अर्चना एवं 56 भोग तथा दोपहर 12:30 बजे महाआरती होगी। शाम 5:30 बजे कॉलोनी परिसर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद आरती एवं अन्नकूट प्रसाद वितरण किया जाएगा। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रबंधन की ओर से मंदिर परिसर में समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।