शिवराज बारवाल मीना
टोंक । स्मार्ट हलचल|जिले में इन दिनों चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पहले जहां अधिकतर चोरियां रात के अंधेरे में होती थीं, वहीं अब दिनदहाड़े भी सूने घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे टोंक शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच डर और चिंता का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार टोंक शहर सहित जिले के कई इलाकों में पिछले कुछ समय से चोरी की वारदातें बढ़ने लगी हैं। शातिर चोर गिरोह विशेष रूप से उन घरों को निशाना बना रहे हैं जहां लोग किसी काम से बाहर गए हों या घर लंबे समय तक बंद रहता हो। कई मामलों में चोर दिन के समय ही घरों में घुसकर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो रहे हैं।
*पुलिस गश्त पर उठ रहे सवाल*
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संवेदनशील इलाकों में नियमित और सख्त गश्त की जाए तो ऐसी वारदातों पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। शहरवासियों व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और चोर गिरोह को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
*आमजन को भी सतर्क रहने की जरूरत*
प्रशासन की कार्रवाई के साथ-साथ आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। घर खाली छोड़ते समय पड़ोसियों को सूचना देना, सीसीटीवी कैमरे लगवाना और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देना बेहद जरूरी है।यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। बढ़ती चोरियों को देखते हुए अब जरूरी है कि पुलिस प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे और आमजन भी सतर्कता बरतें, तभी इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
