गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल |नगरपालिका चुनाव के नतीजे गुरुवार को घोषित हो गए। 25 वार्डों के परिणामों के अनुसार कांग्रेस ने 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया, जबकि भाजपा को 9 सीटें मिलीं। दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। कांग्रेस अब तीसरी बार अध्यक्ष पद पर अपनी दावेदारी मजबूत करने की तैयारी में है, जिससे नगरपालिका में सियासी घमासान तेज हो गया है।मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। डीएसपी सुदर्शन पालीवाल और थाना प्रभारी पूरणमल मीणा मुस्तैद रहे। निर्वाचन अधिकारी विवेक गुर्जर की निगरानी में मतगणना संपन्न हुई और सभी 25 वार्डों के नतीजे घोषित किए गए। वार्ड 2 में कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि चौहान ने 437 मतों के बड़े अंतर से धमाकेदार जीत दर्ज की।वार्ड 16 में कांग्रेस के भोलाराम माली 355 मतों से विजयी रहे।वार्ड 23 में रेखा हिरण (कांग्रेस) ने 239 मतों से शानदार जीत हासिल की। वार्ड 11 में भाजपा के तुषार अग्रवाल 239 मतों से जीते।वार्ड 14 में भाजपा के राजकुमार तेली ने 153 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 22 में भाजपा के विंकल सिंघवी 186 मतों से विजयी रहे।वार्ड 12 में निर्दलीय पवन सिंह भाटी ने मात्र 25 मतों से चौंकाने वाली जीत हासिल की।वार्ड 19 में निर्दलीय प्रियंका सोनी (पूर्व अध्यक्ष चमन सोनी की पुत्रवधू) 14 मतों से विजयी रहीं।अध्यक्ष पद की रेस में कांग्रेस की ओर से प्रीति काकाणी, गीता देवी चंदेल, रेखा हिरण, ललिता सांखला और रश्मि चौहान के नाम मजबूत दावेदार के रूप में चर्चा में हैं। रश्मि चौहान की वार्ड 2 में बड़ी जीत ने उनकी दावेदारी को और मजबूत कर दिया है।
कांग्रेस की तीसरी बार अध्यक्ष पद पर नजर है। अब चेयरमैन की कुर्सी को लेकर दोनों प्रमुख दलों और निर्दलीय सदस्यों के बीच सियासी गहमागहमी और तेज होने की संभावना है।