पांच नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम घोषित
ब्यावर में बहुमत से दूर भाजपा-कांग्रेस, निर्दलीयों की भूमिका अहम
भाजपा 23, कांग्रेस 20, आरएलपी 4 और निर्दलीयों ने 13 वार्डों में दर्ज की जीत
अनिल कुमार खींची
ब्यावर।स्मार्ट हलचल |नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के पांच नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना के निर्देशन में ब्यावर, विजयनगर, मसूदा, जैतारण एवं रायपुर में मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।मतगणना के बाद सभी पांचों नगरीय निकायों के परिणाम घोषित कर दिए गए। संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं निर्वाचन टीमों ने निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुसार मतगणना प्रक्रिया पूरी करवाई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
ब्यावर में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं
ब्यावर नगर परिषद के 60 वार्डों के परिणाम में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। भाजपा ने 23 वार्डों में जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी का स्थान हासिल किया। कांग्रेस के 20 प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं आरएलपी के चार और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की। ऐसे में नगर परिषद में बोर्ड गठन को लेकर निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
पांचों निकायों में दलों का प्रदर्शन
मसूदा नगरपालिका: 20 वार्डों में भाजपा ने 12, कांग्रेस ने 6 और निर्दलीयों ने 2 वार्डों में जीत दर्ज की।
विजयनगर नगरपालिका: 40 वार्डों में भाजपा के 19, कांग्रेस के 15 और निर्दलीय प्रत्याशियों के 6 प्रत्याशी विजयी रहे।
जैतारण नगरपालिका: 25 वार्डों में भाजपा ने 19 और कांग्रेस ने 6 वार्डों में जीत हासिल की। यहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है।
रायपुर नगरपालिका: 25 वार्डों में भाजपा ने 18, कांग्रेस ने 2 और आरएलपी ने 4 वार्डों में जीत दर्ज की। एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।