1008 मोदक अर्पित कर किया महाअभिषेक, भव्य शोभायात्रा और आतिशबाजी ने मोहा मन
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल |श्री सीमेंट लिमिटेड, रास की आवासीय कॉलोनी में सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री महागणपति का महाअभिषेक एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक आयोजन में बांगड़ परिवार सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल देव पूजन के साथ हुआ। बांगड़ परिवार की श्रीमती रानू बांगड़ एवं श्रीमती पूजा जी ने मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं हवन किया। पुष्कर से आए आचार्य लक्ष्मीनारायण शास्त्री एवं अन्य पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणपति का महाअभिषेक संपन्न हुआ। इस दौरान बप्पा को 1008 मोदक अर्पित किए गए तथा छप्पन भोग लगाया गया। महाआरती के बाद मंदिर परिसर भजन-कीर्तन से गूंज उठा।
मंदिर शिखर पर स्थापित की नवीन धर्मध्वजा
गणेश चतुर्थी के अवसर पर कंपनी के चीफ मैन्युफैक्चरिंग ऑफिसर सतीश माहेश्वरी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मंदिर के शिखर पर स्थापित पुरानी धर्मध्वजा को हटाकर विधि-विधान से नवीन धर्मध्वजा की स्थापना की।
रथ पर सवार होकर निकले महागणपति, गूंजे जयकारे
शाम को श्री परिवार की ओर से भगवान श्री महागणपति की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विशेष रथ पर सवार भगवान के विग्रह को पूरी कॉलोनी में भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवार एवं आसपास के क्षेत्रवासी इसमें शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और अन्नकूट प्रसाद ग्रहण किया। रात में मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया तथा भव्य आतिशबाजी की गई।
उत्तर भारत में विशेष पहचान रखता है महागणपति मंदिर
श्री महागणपति मंदिर अपनी भव्यता एवं स्थापत्य कला के लिए विशेष पहचान रखता है। दक्षिण भारतीय शैली में काले ग्रेनाइट से निर्मित भगवान गणपति, रिद्धि एवं सिद्धि की प्रतिमाएं तथा जैसलमेर के हाबुर पत्थर से निर्मित वास्तुकला मंदिर के प्रमुख आकर्षण हैं। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने क्षेत्रवासियों के अच्छे स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की।