सरगांव में कथित अवैध केमिकल फैक्ट्री का मामला

ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, पांच दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|ग्राम पंचायत सरमालिया के राजस्व ग्राम सरगांव में कथित रूप से संचालित हो रही अवैध केमिकल फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फैक्ट्री का संचालन बंद करवाने तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकल युक्त पानी आसपास के गड्ढों में एकत्रित किया जा रहा है। इसके जमीन में रिसने से कुओं और बोरवेल के पानी के दूषित होने की आशंका है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे फसलों और पेयजल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से फैक्ट्री के संचालन की जांच कर नियमों के विपरीत पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा जल स्रोतों एवं पर्यावरण को संभावित नुकसान से बचाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को पांच दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में लापरवाही के कारण किसी प्रकार की जनहानि होती है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।