डेयरी चौराहे पर करीब 5 फीट सड़क में आया पोल,तेजाजी चौक के 90 डिग्री मोड़ पर बीचोंबीच खंभा,भारी वाहनों के बीच आमजन परेशान,हादसे का खतरा
किशन वैष्णव
शाहपुरा@स्मार्ट हलचल|सड़क निर्माण पूरा हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन खामोर की घनी आबादी से गुजर रही एमडीआर सड़क पर विद्युत पोल अब भी सड़क के भीतर खड़े हैं। कहीं पोल सड़क के किनारे से करीब पांच फीट तक सड़क पर आ गया है तो कहीं तीखे मोड़ के बीचोंबीच विद्युत पोल खड़ा है।ऐसे में सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खामोर के डेयरी चौराहे के नजदीक देवनारायण मंदिर के पास विद्युत पोल सड़क के किनारे से अनुमानित पांच फीट तक सड़क की ओर आया हुआ है। आबादी क्षेत्र में लगातार वाहनों और राहगीरों की आवाजाही के बीच सड़क पर निकला यह पोल रास्ते को संकरा कर रहा है। बड़े वाहन गुजरने के दौरान स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है।इसी तरह तेजाजी चौक पर एमडीआर सड़क के करीब 90 डिग्री घुमाव वाले हिस्से में विद्युत पोल सड़क के बीचोंबीच आ रहे हैं।घुमावदार सड़क पर सामने से आने वाले वाहन को लेकर पहले ही सावधानी बरतनी पड़ती है,वहीं सड़क के भीतर खड़े पोल के कारण वाहन चालकों के लिए निकलने की जगह और सीमित हो जाती है।
भारी वाहनों के बीच बढ़ती परेशानी
कंवलियास-केरोट एमडीआर सड़क से गिट्टी से भरे डंपर सहित अन्य भारी वाहनों की आवाजाही भी रहती है।आबादी क्षेत्र में सड़क के भीतर आए विद्युत पोल और संकरे हिस्सों के कारण आमने-सामने भारी वाहन आने पर रास्ता बेहद सीमित हो जाता है। कई बार एक वाहन के निकलने के बाद दूसरे वाहन को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती और जाम जैसी स्थिति बन जाती है।विशेषकर डेयरी चौराहा के नजदीक देवनारायण मंदिर के पास एवं तेजाजी चौक के घुमाव पर सड़क के बीच खड़े पोल के कारण वाहन चालकों को मोड़ लेते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही विद्युत पोलों को शिफ्ट किया जाना चाहिए था,लेकिन सड़क कार्य पूर्ण हुए आठ माह से अधिक समय बीतने के बाद भी समस्या बनी हुई है।
आबादी क्षेत्र में मुख्य सड़क पर पोल बने बाधा
ग्रामीणों के अनुसार समस्या केवल देवनारायण मंदिर और तेजाजी चौक तक सीमित नहीं है। खामोर की मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर विद्युत पोल सड़क की ओर आए हुए हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग के जिम्मेदारों तथा संबंधित ठेकेदारों को कई बार समस्या से अवगत कराया है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पोल होने से रोजाना आवागमन स्कूली बच्चों के आने जाने का आवागमन प्रभावित हो रहा है। खासकर रात के समय और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क के भीतर आए सभी विद्युत पोलों को चिन्हित किया जाए और उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
स्वीकृति और इस्टीमेट हो चुका, अब भुगतान का इंतजार
मामले में विभागीय अधिकारियों के अनुसार विद्युत पोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। पीडब्ल्यूडी के एईएन सुनीत वर्मा ने स्वीकृति आने की बात कही है, जबकि विद्युत विभाग के जेईएन मुन्ना राम के अनुसार पोल शिफ्टिंग का इस्टीमेट और स्वीकृति दोनों हो चुके हैं। हालांकि भुगतान जमा नहीं होने के कारण काम रुका हुआ है।आठ माह से अधिक समय से सड़क पर मौजूद इस समस्या को लेकर अब ग्रामीणों की नजर विभागीय कार्रवाई पर है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रक्रिया और भुगतान के बीच आमजन को लंबे समय तक परेशानी में नहीं छोड़ा जाना चाहिए और संवेदनशील स्थानों पर पोल शिफ्टिंग का काम प्राथमिकता से पूरा होना चाहिए।
इनका कहना…
∆.विद्युत पोल शिफ्टिंग को लेकर स्वीकृति आ चुकी है। अब डिमांड जमा करानी है। बात करेंगे और जल्द ही पोल शिफ्टिंग की कार्रवाई करवाएंगे।
PWD एईएन सुनीत वर्मा
∆. विद्युत पोल शिफ्टिंग को लेकर विभाग की ओर से इस्टीमेट दे दिया गया है और इसकी स्वीकृति भी आ चुकी है।विभाग की ओर से पेमेंट डिपोजिट नहीं हुआ है जैसे ही संबंधित राशि डिपोजिट हुई उसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।
जेईएन मुन्नाराम जीएसएस सूरजपुर