शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|चित्तौड़गढ़ शहर के उपनगरीय क्षेत्र सेन्थी स्थित शांतिभवन में बिराजमान जैन सिद्धांताचार्य साध्वी श्री प्रतिभाश्रीजी महाराज साहब के पावन सान्निध्य एवं श्रीसंघ सेन्थी के तत्वावधान में संवत्सरी पर्व के अवसर पर सामूहिक क्षमायाचना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने एक-दूसरे से क्षमा मांगते हुए ‘मिच्छामि दुक्कडम्’ कहकर मन, वचन एवं कर्म से हुई भूलों के लिए क्षमायाचना की।
प्रवक्ता रोशनलाल चोपड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में जैन दिवाकर संघ, गुरु अंबेश समिति, गुरु यशवेणी समिति सहित चित्तौड़गढ़ के विभिन्न श्रीसंघों के श्रावक-श्राविकाओं ने सामूहिक रूप से क्षमायाचना की। उपस्थित श्रद्धालुओं ने त्रयासी लाख जीव योनियों से भी क्षमा याचना करते हुए सभी जीवों के प्रति मैत्री, करुणा एवं सद्भाव की भावना व्यक्त की।
इस दौरान तपस्या करने वाले श्रावक-श्राविकाओं का भी पारणा कराया गया। ग्यारह सौ से अधिक पारणे हुए। सिद्ध तप वालों एवं अठ्ठाई तप करने वाले तपस्वियों के पारणे भी संपन्न हुए। वहीं नौ की तपस्या निरंतर जारी रहने की जानकारी दी गई।
इस दौरान सेकड़ो की संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। सभी ने परस्पर क्षमा मांगकर धर्ममय वातावरण में संवत्सरी पर्व की आराधना को सार्थक बनाया।