कोटड़ी में तीन कट्टों में 63.960 किलो डोडा-चूरा बरामद, टेंपो व मोबाइल जब्त

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|कोटड़ी थाना पुलिस की सुबह हुई नाकाबंदी के दौरान मादक पदार्थ तस्करी का मामला सामने आया। पुलिस को देखकर टेंपो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की कार्रवाई से घबराकर भीलों के झोपड़ा के पास टेंपो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टेंपो की तलाशी ली तो उसमें तीन कट्टों में भरा 63 किलो 960 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक नाकाबंदी देखकर टेंपो तेज गति से भगाने लगा।पुलिस ने पीछा किया तो चालक भीलों के झोपड़ा के पास टेंपो छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टेंपो की तलाशी ली तो उसमें तीन कट्टे मिले। कट्टों को खोलकर जांच की गई तो उनमें डोडा-चूरा भरा मिला। वजन करने पर कुल 63 किलो 960 ग्राम डोडा-चूरा निकला।
पुलिस ने मौके से डोडा-चूरा सहित टेंपो और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया। फरार चालक की पहचान और उसके तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक गोपाल लाल, कांस्टेबल मोती जाखड़, हेमराज चौधरी एवं मुकेश जांगिड़ शामिल रहे। पुलिस फरार टेंपो चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।