तकनीकी जांच और सोशल मीडिया के जरिए तलाश, दस दिन में दूसरी बड़ी सफलता
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|बदनोर थाना पुलिस ने करीब तीन वर्ष से लापता नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने में सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्यावर के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी मसूदा के सुपरविजन में पुलिस टीम ने तकनीकी साधनों की मदद से बालिका की तलाश की।पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर 2023 को बालिका के बिना बताए घर से चले जाने पर थाना बदनोर में प्रकरण संख्या 226/2023 धारा 363 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 2023 में परिजनों से विवाद के बाद बालिका घर से निकलकर गुजरात में अपने दूर के रिश्तेदार के पास चली गई थी।
बालिका ने घर से निकलते समय अपने मोबाइल नंबर बंद कर लिए थे। पुलिस ने उसके पूर्व में उपयोग किए गए मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल का विश्लेषण करने के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य तकनीकी माध्यमों से लगातार तलाश की। लंबे प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बालिका को दस्तयाब कर लिया। प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
दस दिन में दूसरी सफलता: पुलिस के अनुसार पिछले करीब दस दिनों में थाना बदनोर पुलिस ने लंबे समय से लापता दो बालिकाओं को दस्तयाब किया है। प्रकरण संख्या 47/2023 में करीब चार वर्ष से तथा प्रकरण संख्या 226/2023 में करीब तीन वर्ष से लापता बालिकाओं को तलाशने में पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस टीम: थानाधिकारी अनिल पंवार आरपीएस प्रोबेशनर, कांस्टेबल बनवारी (556), साइबर सेल के कांस्टेबल नैनासिंह (599) एवं कांस्टेबल सुशील (318) शामिल रहे।