विश्वकर्मा जयंती पर एसएसपी ने पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना

एसएसपी ने शस्त्रों, वाहनों व पुलिस उपकरणों का किया पूजन, नियमित रख-रखाव के दिए निर्देश

(सुघर सिंह सैफई)

इटावा।स्मार्ट हलचल|भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में गुरुवार को पूजा-अर्चना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपद में सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पुलिस विभाग में उपयोग किए जाने वाले शस्त्रों, विभिन्न उपकरणों तथा परिवहन एवं यांत्रिकी शाखा से संबंधित वाहनों और संसाधनों का भी विधिवत पूजन किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग के कार्यों में तकनीकी संसाधनों एवं उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनकी सुरक्षा और उचित रख-रखाव पर जोर दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में प्रयुक्त शस्त्रों, उपकरणों एवं अन्य संसाधनों का नियमानुसार नियमित निरीक्षण और रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। शस्त्रों एवं उपकरणों को सदैव सुरक्षित और कार्यशील स्थिति में रखा जाए। वहीं परिवहन एवं यांत्रिकी शाखा के वाहनों तथा उपकरणों का नियमित परीक्षण कर आवश्यकतानुसार अनुरक्षण कराया जाए, ताकि पुलिस बल को आवश्यकता पड़ने पर सभी संसाधन तत्काल उपयोग के लिए तैयार मिल सकें।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।