दिल्ली में युवक की हत्या के बाद भीलवाड़ा में उपजा आक्रोश, विहिप ने किया जोरदार प्रदर्शन, आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा । दिल्ली में एक युवक की हत्या के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद ने भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश जताया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विश्व हिंदू परिषद के महानगर उपाध्यक्ष भारत गैंगट ने कहा कि दिल्ली के उत्तम नगर में तरुण खटीक नाम के युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। होली के अवसर पर गुब्बारे के छींटे लगने जैसी छोटी सी बात को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद युवक के घर पर हमला किया गया और तरुण खटीक की हत्या कर दी गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय घटना है। विश्व हिंदू परिषद इस घटना के विरोध में पूरा संगठन एकत्रित होकर ज्ञापन सौंप रहा है। हमारी मांग है कि इस मामले में जो आरोपी अभी फरार हैं उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और हत्या के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इसके साथ ही इस तरह की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई की मांग करते है ताकि भविष्य में कोई भी कानून व्यवस्था को चुनौती देने की हिम्मत न कर सके।