जहाजपुर की सियासत में फिर बड़ा उलटफेर: कांग्रेस प्रत्याशी रामसिंह मीणा भाजपा में शामिल

भाजपा सरकार और विधायक गोपीचंद मीणा के विकास कार्यों से प्रभावित होकर लिया फैसला, बोले—जहाजपुर और बारापाल में भाजपा को करेंगे मजबूत

जहाजपुर अलकेश पारीक

जहाजपुर।स्मार्ट हलचल|नगर पालिका चुनाव के बाद अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच जहाजपुर की राजनीति में शनिवार को एक और नया मोड़ आ गया। वार्ड 25 से कांग्रेस प्रत्याशी रहे रामसिंह मीणा ने भाजपा का दामन थाम लिया। रामसिंह मीणा ने भाजपा सरकार और विधायक गोपीचंद मीणा के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने की बात कही।

विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में आए

भाजपा में शामिल होने के बाद रामसिंह मीणा ने कहा कि भाजपा सरकार और विधायक गोपीचंद मीणा की ओर से क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से वे प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि अब सभी मिलकर जहाजपुर और बारापाल क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने का काम करेंगे।

अध्यक्ष पद के समीकरणों के बीच भाजपा को मिली मजबूती

जहाजपुर नगर पालिका चुनाव में भाजपा के 15 पार्षद, कांग्रेस के 3 और निर्दलीय 7 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने अल्केश पवन वैष्णव को प्रत्याशी बनाया है। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में अल्केश पवन वैष्णव का अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।

ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी रहे रामसिंह मीणा का भाजपा में शामिल होना चुनाव के बाद चल रहे सियासी घटनाक्रम में एक और अहम कड़ी माना जा रहा है।

चुनाव के बाद भी थम नहीं रही सियासी हलचल

नगर पालिका चुनाव के नतीजे आने के बाद जहाजपुर में राजनीतिक गतिविधियां लगातार जारी हैं। अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले एक के बाद एक बदलते समीकरणों के बीच अब रामसिंह मीणा के भाजपा में शामिल होने से सियासी चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

रामसिंह मीणा ने भाजपा में शामिल होने के साथ ही जहाजपुर और बारापाल में पार्टी को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की बात कही है। अब देखना होगा कि अध्यक्ष पद के चुनाव तक जहाजपुर की राजनीति में और कितने नए मोड़ सामने आते हैं।