:- पंचेश्वर महादेव से चारभुजानाथ-सर्वेश्वर महादेव तक निकली रैली, गौरवशाली इतिहास की झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।
स्मार्ट हलचल|तेजाजी महाराज के बलिदान दिवस तेजा दशमी के अवसर पर आम चौखला जाट समाज की ओर से शनिवार को कोटड़ी में विशाल शोभायात्रा एवं वाहन रैली निकाली गई। पंचायत समिति परिसर स्थित पंचेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री चारभुजानाथ मंदिर एवं सर्वेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। तेजाजी महाराज के जयकारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।शोभायात्रा में जाट समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड-बाजों और डीजे की धुन पर समाज के युवा उत्साह के साथ वाहन रैली में शामिल हुए। वहीं पारंपरिक अलगोजा वादन और तेजा गायन ने राजस्थानी लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत
शोभायात्रा के कस्बे में पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। झांकियों एवं वाहन रैली को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सोपुरा और चावंडिया से आए समाज के बुजुर्गों ने पारंपरिक तेजा गायन के माध्यम से तेजाजी महाराज के जीवन और बलिदान की गाथा प्रस्तुत की।
अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी व उपरणा से सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व डेयरी चेयरमैन रतनलाल चौधरी रहे। राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर कुड़ी, जिला अध्यक्ष देवबक्ष जाट, ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश चंद्र गोदारा, शोभाराम तोगड़ा, कन्हैयालाल जाट, भवानीराम नागा, नारायणलाल जाट, भेरूलाल जाट सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। बाहर से आए अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि रतनलाल चौधरी ने समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों और सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं का सम्मान नई पीढ़ी को शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
फिजूलखर्ची रोककर शिक्षा-कारोबार पर ध्यान देने की अपील
प्रदेशाध्यक्ष शंकर कुड़ी ने सामाजिक आयोजनों में होने वाली फिजूलखर्ची को कम कर शिक्षा, रोजगार और कारोबार पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कोटड़ी में विवाह सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा। वरिष्ठ समाजसेवी कन्हैयालाल जाट ने समाज की एकजुटता के साथ कोटड़ी में जाट छात्रावास का निर्माण शुरू करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता शंकरलाल जाट एवं शिक्षक रामकिशन जाट ने किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में सुखदेव जाट, कन्हैयालाल जाट, कमलेश जाट, राहुल जाट, अंकित जाट, किशन जाट, संजय जाट सहित समाज के अनेक लोगों ने सहयोग किया।
फ़ोटो