कलश यात्रा के साथ गूंजा तेजाजी महाराज का जयघोष

अनिल कुमार खींची

गणेश पूजन के साथ तीन दिवसीय श्री वीर तेजा मेले का विधिवत शुभारंभ

स्मार्ट हलचल  ब्यावर । शहर के ऐतिहासिक श्री वीर तेजा मेले का रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। मेले के शुभारंभ अवसर पर अजमेरी गेट से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा महादेव जी की छतरी, पांच बत्ती होते हुए तेजा चौक पहुंची। इस दौरान वीर तेजाजी महाराज के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

तेजा चौक पर जिला कलक्टर कमल राम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, मेला मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ तथा नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत ने वीर तेजाजी महाराज की पूजा-अर्चना की। इसके बाद कलश यात्रा सुभाष उद्यान पहुंची। यहां जिला कलक्टर कमल राम मीना ने फीता काटकर मेले के शुभारंभ की औपचारिक शुरुआत की। गणेश पूजन के साथ तीन दिवसीय मेले का विधिवत आगाज हुआ।

जिला कलक्टर ने शहरवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए मेले में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्री वीर तेजा मेला ब्यावर की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। मेले के दौरान आमजन पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

मेले के प्रथम दिन कुश्ती एवं वालीबॉल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। कुश्ती में पहलवानों ने पारंपरिक दांव-पेच दिखाए, जबकि वालीबॉल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिताओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी और खेलप्रेमी पहुंचे।

तीन दिवसीय मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ लोकनृत्य, कुश्ती, वालीबॉल और महिला रस्सा-कशी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम होंगे। 20 सितम्बर को खेता खान, 21 सितम्बर को गोकुल शर्मा तथा 22 सितम्बर को आकृति मिश्रा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 8 बजे से राठी पवेलियन, सुभाष उद्यान में आयोजित होंगे।