भीलवाड़ा। कोटा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) टीम ने भीलवाड़ा जिले के APO विकास अधिकारी की कार से डेढ़ लाख की नकदी बरामद की। पूछताछ में अधिकारी रकम के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद ACB ने रकम जप्त कर ली। राज्य सरकार ने एक दिन पहले ही भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी पंचायत समिति के विकास अधिकारी रामविलास मीणा को APO किया था। वो कार से भीलवाड़ा से कोटा आ रहे थे। 10 मार्च को एसीबी की टीम ने हैंगिंग ब्रिज के पास कार रुकवाकर तलाशी ली थी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कोटा के एडिशनल एसपी विजय स्वर्णकार ने बताया- राज्य सरकार ने आदेश जारी कर रामविलास मीणा को 9 मार्च को APO किया था। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग जयपुर मुख्यालय में हाजिरी देने के आदेश जारी किए थे। सूत्रों से जानकारी मिली थी कि एपीओ रहने के बाद भी रामविलास मीणा द्वारा पिछली तारीख के बिल पास करने की एवज में ठेकेदारों से अवैध तरीके से राशि वसूली जा रही है। वह रकम लेकर RJ 17 नंबर की कार से कोटड़ी भीलवाड़ा से रवाना होकर कोटा आ रहा है।
संतोषजनक जवाब नहीं देने पर जब्त किए रुपए
पुलिस उप अधीक्षक एसीबी अनीश अहमद के नेतृत्व में कोटा-चित्तौड़गढ़ मार्ग पर 10 मार्च को कार्रवाई की गई। हैंगिंग ब्रिज टोल नाके के पास कार को रुकवाया गया। कार में रामविलास मीणा बैठा हुआ था। तलाशी में कार से अवैध राशि 1 लाख 55 हजार 275 रुपए मिले। इनके बारे में रामविलास मीणा द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर अवैध राशि को जप्त किया गया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। रामविलास मीणा कोटा के हाड़ौती को कॉलोनी के रहने वाले है
